भिलाई / भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमआर एंटरप्राइजेज कंपनी में बुधवार तड़के करीब 2 बजे कोयला टैंक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिसके बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा तत्काल दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दमकल टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कंपनी परिसर में स्थित कोयला टैंक पूरी तरह आग की चपेट में है और उससे ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही हैं।
अग्निशमन दल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। साथ ही आग को आसपास के अन्य हिस्सों तक फैलने से भी रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी शरद मेश्राम तथा अग्निशमन कर्मचारी धर्मेंद्र बंजारे, नागेश मार्कंडेय, खेमराज और पवित द्वारा सफलतापूर्वक आग बुझाने की कार्रवाई की गई।
अग्निशमन विभाग ने अपनी तत्परता और साहस का परिचय देते हुए संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।

