अहिवारा/दुर्ग। नगर पालिका परिषद अहिवारा के वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद मुकुंद पटेल ने बनबरद क्षेत्र में निर्माणाधीन किसान भवन की गुणवत्ता और धीमी कार्यप्रणाली को लेकर मंडी बोर्ड दुर्ग को शिकायत पत्र सौंपा है।
पार्षद द्वारा कार्यपालन अभियंता, मंडी बोर्ड दुर्ग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि किसान भवन का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से चल रहा है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। जबकि इसी अवधि में अन्य स्थानों पर शुरू हुए कई निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का अभाव दिखाई दे रहा है तथा पानी तराई सहित कई तकनीकी खामियों को लेकर ठेकेदार को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में संतोषजनक सुधार नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों में भी अधूरे निर्माण को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पार्षद ने मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग उठाई गई है।
निर्माण स्थल की तस्वीरों में भवन अभी अधूरा दिखाई दे रहा है, जिससे कार्य की धीमी गति साफ नजर आ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि किसान भवन बनने से ग्रामीणों और किसानों को सुविधा मिलेगी, लेकिन लंबे समय से कार्य अधूरा रहने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

