दुर्ग | नंदिनी नगर। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अरसनारा में अवैध रूप से शराब बेच रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 पौवा अंग्रेजी शराब और नकद बिक्री राशि बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम अरसनारा में एक व्यक्ति पान ठेले के पीछे अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अशोक वर्मा (50 वर्ष), निवासी ग्राम अरसनारा के कब्जे से 49 पौवा अंग्रेजी शराब जिसकी कीमत 5,880 रुपये तथा शराब बिक्री से प्राप्त 1,200 रुपये नकद जब्त किए। इस प्रकार कुल 7,080 रुपये की सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को 2 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

