भिलाई ! सुपेला के राधिका नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कबाड़ी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकलने के बाद पास में स्थित श्री परमानंद चंदेल की कबाड़ी दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते कबाड़ में रखे सामान ने आग पकड़ ली और लपटें तेज हो गईं।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई, जिसके बाद एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर से हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव सहित टीम के सदस्य रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र ने राहत कार्य को अंजाम दिया।
अग्निशमन विभाग की तत्परता और टीमवर्क के चलते एक बड़ी घटना होने से बच गई।

