रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे दो युवा टेक्निशियन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान में सोलर पैनल लगाने के लिए तीन कर्मचारी पहुंचे थे। काम के दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से दो कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए। तेज झटके से दोनों बुरी तरह झुलस गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीसरा कर्मचारी बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आना बताया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि हाईटेंशन बिजली लाइनों के पास काम करते समय जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। सोलर पैनल या अन्य ऊंचाई वाले कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना बेहद जरूरी है।

