दुर्ग ! जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने स्वयं नदी के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महमरा एनीकट पर पानी एनीकट के स्तर से करीब 4 फीट ऊपर बहता पाया गया। वहीं गुरुद्वारा के पास स्थित पुराने पुल पर नदी का पानी खतरे के निशान से मात्र 5 फीट नीचे पहुंच चुका है, जिससे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही नदी तट पर संचालित ईंट भट्टों के संचालकों को अपने मजदूरों एवं अन्य लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम को नगरसेना कार्यालय परिसर में 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें, बच्चों को नदी किनारे न जाने दें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

