दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारी टोल टैक्स के पास रविवार सुबह कोयले से भरी एक ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना सुबह लगभग 06:36 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा को दी गई।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि ट्रक में भरे कोयले से तेज धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। स्थिति को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना देरी किए ट्रक के डाले पर चढ़कर मशक्कत के साथ आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद अग्निशमन दल ने आग पर काबू पा लिया और उसे फैलने से रोक दिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
इस रेस्क्यू कार्य में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे सहित कर्मचारी शैलेंद्र, कुलेश्वर, कुंजेश, उमाशंकर और कमलेश शामिल रहे। अग्निशमन विभाग की तत्परता और टीमवर्क के चलते बड़ी घटना होने से बचाव हो सका।
जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना किया गया था और कर्मचारियों ने मुस्तैदी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया।

