दुर्ग ! ग्राम पंचायत बोड़ेगांव के वार्ड क्रमांक 3, 4, 6 एवं 14 को जोड़ने वाली जर्जर सड़क और बंद नाली की समस्या को HM NEWS द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आखिरकार प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरकत में आ गया है। सड़क की खराब स्थिति और जल निकासी की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद संबंधित विभाग ने सड़क और निकासी नाली सुधार कार्य शुरू कर दिया है, जिससे ग्रामीणों में राहत और उम्मीद की किरण जगी है।
गौरतलब है कि HM NEWS ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर बताया था कि पीएचई विभाग द्वारा नाली में पाइप डालने के बाद जल निकासी बाधित हो गई थी। बारिश का पानी सड़क पर भरने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ था।
खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि ने मामले का संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत का कार्य प्रारंभ करा दिया है। सड़क में पाइप डालकर समतलीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत पर्याप्त नहीं होगी। बंद नाली की स्थायी सफाई, उचित जल निकासी व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में फिर ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने HM NEWS का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया द्वारा उनकी आवाज़ उठाने के बाद वर्षों पुरानी समस्या पर कार्रवाई शुरू हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क और नाली दोनों का स्थायी समाधान जल्द पूरा करेगा।

