दुर्ग ! खरखरा जलाशय में एक बुजुर्ग व्यक्ति के डूबने की घटना सामने आई है। कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुखराम सलाम (65 वर्ष) पिता स्वर्गीय पुसऊराम निवासी अन्नपूर्णा पारा, थाना एवं जिला कांकेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जलाशय में डूबने के बाद उनकी तलाश की जा रही थी।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम घटनास्थल पहुँची। एसडीआरएफ प्रभारी ईश्वर खरे के दिशा-निर्देश में डिप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव ने गहरे पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने बुजुर्ग के शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन में हबीब खान, विनय, राजू महानंद, आशीष, ओंकार, दिनेश, गोपी और सूरज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

