भिलाई/दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की पूर्व नियोजित तरीके से हत्या की थी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतिका की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान संदेही लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू (24 वर्ष) निवासी सकरी, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व नियोजित थी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत करने से मना करने पर उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। आरोपी रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर पहुंचा था। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था।
कमरे में विवाद के दौरान आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया, फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने हथियार और बाइक की बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के साथ 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस मामले के खुलासे में थाना वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने त्वरित और प्रभावी विवेचना करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
दुर्ग पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा एवं उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

