दुर्ग/कुम्हारी। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे एक खड़े ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी के टकरा जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े CG 07 NA 0930 नंबर के ट्रैक्टर, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर लोड थे, के पीछे स्कूटी जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों के नाम
अमृत निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी भिलाई-3
लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष)
याचना (7 वर्ष)
डाली (4 वर्ष)
घायल
भावेश (8 वर्ष) – गंभीर हालत में एम्स रायपुर में भर्ती।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर थाना परिसर लाया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब पुलिस जांच के बाद सामने आएगा।

