नंदकट्ठी। दुर्ग जिले के नंदकट्ठी क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एक किसान ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के लाइनमैन ने बिना किसी पूर्व सूचना के उसके कृषि पंप का बिजली कनेक्शन काट दिया। इससे किसान पिछले एक माह से खेत की सिंचाई नहीं कर पा रहा है और उसकी फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
किसान का कहना है कि उसका कृषि पंप वर्षों से विधिवत स्थायी (परमानेंट) बिजली कनेक्शन पर संचालित हो रहा है। बिजली विभाग के नियमानुसार उसने पोल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लाखों रुपये जमा किए हैं। इसके बावजूद बिना किसी लिखित या मौखिक सूचना के उसका कनेक्शन काट दिया गया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि जिस बिजली पोल से किसान का कनेक्शन हटाया गया, उसी पोल से अन्य नए कनेक्शन तथा कथित रूप से अवैध तरीके से मोटर पंप चलाए जा रहे हैं और उनकी बिजली आपूर्ति अब भी जारी है। ऐसे में विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर नियमों का पालन केवल एक किसान पर ही क्यों किया गया?
यदि किसान के आरोप सही हैं, तो यह मामला बिजली विभाग की लापरवाही के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की ओर भी संकेत करता है। स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि किसी कारणवश कनेक्शन काटना आवश्यक था, तो पहले संबंधित उपभोक्ता को सूचना देना और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था।
अब क्षेत्र के किसानों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित किसान का बिजली कनेक्शन शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि उसकी फसल को और अधिक नुकसान न उठाना पड़े।

