दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए नई यूनिफॉर्म का वितरण शुरू कर दिया गया है। इस बार विद्यार्थियों को पुराने ड्रेस पैटर्न की जगह नया डिजाइन और नया रंग संयोजन दिया गया है। नई यूनिफॉर्म में छात्रों के लिए सफेद-नीले चेक वाली शर्ट तथा गहरे स्लेटी (चारकोल ग्रे) रंग की पैंट शामिल है, जबकि छात्राओं के लिए इसी पैटर्न की ट्यूनिक उपलब्ध कराई जा रही है।
शिक्षा विभाग के अनुसार नई यूनिफॉर्म का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। नए सत्र की शुरुआत के साथ स्कूलों में प्रवेश उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों और यूनिफॉर्म का वितरण किया जा रहा है।
प्रदेश में 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है। स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों में नई यूनिफॉर्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि नई ड्रेस का रंग और डिजाइन पहले की तुलना में अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दे रहा है।

