दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करगाडीह में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग 2:30 बजे एक घर में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर बड़े नुकसान को फैलने से रोक लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करगाडीह निवासी यशवंत यादव के घर में अचानक आग भड़क उठी। सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई, जिसके बाद एक दमकल वाहन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि घर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही थीं और आग तेजी से फैल रही थी।
अग्निशमन दल ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। साथ ही आग को आसपास के घरों एवं अन्य स्थानों तक फैलने से भी रोक दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है।
बताया गया कि जिस मकान में आग लगी थी, वहां कोई व्यक्ति निवास नहीं करता था। घर में रखा घरेलू सामान एवं कुछ वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा कर्मचारी शैलेंद्र देशमुख, कुलेश्वर, नितिन रामटेके, कुंजेश देशमुख, धनाऊ एवं उमाशंकर ने समय रहते पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

