दुर्ग ! जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में ओपन जिम निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत यह स्वीकृति जारी की है।
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की अनुशंसा पर धमधा विकासखंड के विभिन्न गांवों में ओपन जिम निर्माण कार्य किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 6-6 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे।जिन ग्राम पंचायतों में ओपन जिम निर्माण की स्वीकृति मिली है उनमें मलपुरीखुर्द, हिंगनाडीह (ढौर), खपरी (गि), करहीडीह (डूमर), लहंगा (ढौर), ढौर (खेरधी), सहगांव (पथरिया), नंदौरी, चेटुवा तथा ढाबा शामिल हैं।इन सभी कार्यों का क्रियान्वयन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत धमधा द्वारा किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि ओपन जिम बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं नागरिकों को स्वास्थ्य और फिटनेस संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

