दुर्ग । ग्राम पंचायत बोड़ेगांव के वार्ड क्रमांक 3, 4, 6 और 14 को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीएचई विभाग द्वारा निकासी नाली में पाइप डालने के बाद नाली बंद हो गई, जिससे बारिश का पानी सड़क पर भरने लगा वार्ड वासियों द्वारा पानी निकासी के लिए स्वयं ही व्यवस्था बनाई और बारिश की वजह से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक न तो नाली की निकासी की व्यवस्था सुधारी गई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, स्कूली बच्चे, दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सुबह से शाम तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी इसी रास्ते से आना-जाना होता है, लेकिन समस्या पर किसी का ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बीते दिनों रात के समय एक स्कूटी सवार युवक इसी सड़क पर गिरकर घायल हो गया था। वहीं एक सुबह सड़क की खराब स्थिति के कारण एक स्कॉर्पियो वाहन भी फंस गया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और बंद नाली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या जिम्मेदार किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही जागेंगे?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत से मांग की है कि बंद नाली की तत्काल सफाई कर निकासी व्यवस्था बहाल की जाए तथा जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

