बालोद। दल्ली राजहरा क्षेत्र स्थित राखी जलाशय में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग को मिलते ही एस.डी.आर.एफ दुर्ग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
जानकारी के अनुसार, राखी जलाशय में एक बालक के डूबने की सूचना मिलने पर जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर रेस्क्यू टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जघेल ने लगभग 45 फीट गहरे पानी में उतरकर सघन तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, राजू महानंद, आशीष, थानेश्वर और भूपेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई।
मृतक की पहचान आशीष कुमार (17 वर्ष) पिता झुमुकलाल, निवासी खम्हार टोला मानपुर चौकी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने एक बार फिर कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।

