दुर्ग। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग के बघेरा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास एवं प्रिंट रिच वातावरण का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षण सुविधाओं की सौगात दी।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि तकनीक, नवाचार और व्यवहारिक ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल सामग्री, वीडियो, चित्र एवं इंटरैक्टिव शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा, जिससे पढ़ाई अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनेगी।
उन्होंने विद्यालय में विकसित किए गए प्रिंट रिच वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि कक्षा और विद्यालय परिसर में लगाए गए शैक्षणिक चार्ट, शब्द भंडार, प्रेरणादायी संदेश तथा भाषा एवं गणित आधारित सामग्री बच्चों में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों की भाषा दक्षता, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता में सकारात्मक वृद्धि होगी।
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत
प्रवेश उत्सव के तहत मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी पहुंचे। सरदार वल्लभभाई पटेल प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण भी किया गया।
उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बच्चों के जीवन में नए अवसरों और संभावनाओं का द्वार खोलती है। विद्यालय का सकारात्मक वातावरण बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सीखने की प्रेरणा विकसित करता है।
बच्चों के साथ प्रार्थना एवं मंत्रोच्चारण में हुए शामिल
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना एवं गुरुमंत्र के सामूहिक उच्चारण में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासित जीवनशैली और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
मंत्री यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संस्कारित और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले नागरिक तैयार करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, श्याम शर्मा, पार्षद ललित ढीमर, प्राचार्य नितिन, प्राचार्य बंछोर, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

