दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद बताई गई है। वहीं, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से हत्या में इस्तेमाल सब्बल और आरोपी के कपड़े तालाब से बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 26 जून को ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभ में उसकी पहचान नहीं हो सकी, लेकिन गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम पथरिया निवासी चेतन ठाकुर (18 वर्ष) के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदिनी नगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
जांच में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22 वर्ष) और राहुल कुर्रे (22 वर्ष) के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने सब्बल और घटना के समय पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था। पूछताछ में आरोपी के जुर्म स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।
जप्त सामग्री
हत्या में प्रयुक्त एक सब्बल
घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

