दुर्ग/भिलाई। लखनऊ में हुए हादसे के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में दुर्ग पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को भिलाई के सिविक सेंटर स्थित विभिन्न कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट एवं निरीक्षण किया।सुबह करीब 10:15 बजे मिराज सिनेमा के पास संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच के दौरान टीम ने सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण में कई कोचिंग सेंटरों में गंभीर कमियां सामने आईं, जिनमें अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजामों का अभाव पाया गया।
जांच के दौरान कई संस्थानों में संकरी गलियां, पर्याप्त अग्निशमन यंत्रों की कमी, एंट्री एवं एग्जिट व्यवस्था में खामियां, परिसरों में वेंटिलेशन का अभाव तथा खिड़कियों का स्थायी रूप से बंद (फिक्स) होना पाया गया। अधिकारियों ने इसे आपातकालीन स्थिति में छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कोचिंग संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि जिले में संचालित अन्य कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों का भी चरणबद्ध तरीके से फायर ऑडिट किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि की संभावना को रोका जा सके।

