दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में हुए युवक की हत्या के मामले में एसडीआरएफ की टीम ने तालाब से अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में मदद के लिए चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान 10 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर वारदात से जुड़े सामान को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय केतन ठाकुर (पिता– पुरुषोत्तम ठाकुर), निवासी पथरिया की हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल किए गए साक्ष्यों को ग्राम डूमर के पुराने गौठान के पास स्थित तालाब में फेंक दिया था। सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को मौके पर रवाना किया गया।जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची और करीब 10 फीट गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीम ने सब्बल, टी-शर्ट और जींस बरामद कर नंदनी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

