दुर्ग ! आर्य नगर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष) फांसी पर लटके हुए मिले। वहीं उनकी पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) घर के अंदर मृत अवस्था में पाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस ने थाना मोहन नगर में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

