दुर्ग। नंदनी थाना क्षेत्र स्थित पत्थर खदान में एक 13 वर्षीय बालक के डूबने की दुखद घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और गहरे पानी से बालक के शव को बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिली थी कि नंदनी पत्थर खदान में एक बालक पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी नागेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ के डिप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जघेल ने लगभग 50 फीट गहरे पानी में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद बालक के शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मृतक की पहचान आयुष मार्कंडेय (13 वर्ष) पिता नंदकुमार मार्कंडेय, निवासी पथरिया खदान के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव सहित राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, हबीब खान, राजेश नेताम, भानुप्रताप, थानेश्वर, आशीष, शारदा एवं राजेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

