नंदकट्ठी (दुर्ग)। आषाढ़ मास के पावन अवसर पर आज ग्राम नंदकट्ठी स्थित बड़े हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद के रूप में खीर-पूड़ी का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से प्रसाद ग्रहण करने एवं धर्म लाभ लेने की अपील की है।
इस धार्मिक आयोजन की खास बात यह है कि ग्राम के बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के साथ इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं। कोई मंदिर की सजावट में जुटा है तो कोई भंडारे की तैयारी और प्रसाद वितरण की व्यवस्था में सहयोग कर रहा है। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लेने एवं महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।

