बोडेगांव (दुर्ग): आदर्श ग्राम पंचायत बोडेगांव में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पंचायत भवन से लगभग 100 मीटर की दूरी, पीपल वृक्ष के पहले का मुख्य मार्ग आज भी घोर अंधेरे में डूबा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 6 और 14 सहित पुरानी बस्ती के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवाजाही करते हैं, फिर भी इस गंभीर समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के कई मोहल्लों और कुछ जनप्रतिनिधियों के घरों के सामने हाई वोल्टेज एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन गांव के सबसे महत्वपूर्ण मार्ग पर आज भी रोशनी की व्यवस्था नहीं है। यह मार्ग पंचायत, मुख्य सड़क और पुरानी बस्ती को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है।
कुछ दिन पहले इसी स्थान पर बारिश के पानी की निकासी नाली बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। अंधेरे की वजह से कई राहगीर रात के समय गिरकर चोटिल भी हुए। बाद में यहां पानी निकासी रास्ते में पाइप डालकर रास्ते को सुरक्षित किया गया, लेकिन स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था आज तक नहीं की गई, जिससे रात होते ही लगभग 100 मीटर का यह हिस्सा पूरी तरह अंधेरे में डूब जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसी रास्ते से पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, फिर भी इस समस्या का समाधान अब तक क्यों नहीं हो पाया? जब जनप्रतिनिधियों की नजर इस अंधेरे पर नहीं पड़ रही है, तो आम ग्रामीणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मार्ग पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाकर लोगों को अंधेरे और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत दिलाई जाए।

