बोड़ेगांव। आदर्श ग्राम बोड़ेगांव में सोमवार को समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतलता माता का जुड़वास मनाया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने सहभागिता कर माता शीतला का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जस सेवकों द्वारा माता की महिमा का गुणगान करते हुए पारंपरिक जस-पचरा प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं ग्राम के बैगा द्वारा माता शीतला की पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं पर माता के आशीर्वाद स्वरूप हल्दी मिश्रित पवित्र जल को नीम की डाल से छिड़काव किया गया। ग्रामीणों का मानना है कि यह परंपरा सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की रक्षा का प्रतीक है।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने माता शीतला से गांव में सुख, शांति, समृद्धि एवं सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के साथ संपन्न हुए इस जुड़वास पर्व ने गांव की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को भी जीवंत कर दिया।

