दुर्ग ! नंदकट्ठी - ग्राम नंदकट्ठी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वर्षों से चली आ रही दोपहर 12 बजे से स्कूल संचालन की व्यवस्था अब सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले विद्यालय में भवन और कक्षाओं की कमी के कारण दो पाली में पढ़ाई कराई जाती थी, लेकिन अब पर्याप्त भवन और अतिरिक्त कक्षाएं उपलब्ध होने के बावजूद स्कूल का समय नहीं बदला गया है।
ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि लगभग 15 वर्षों से पहली से 12वीं तक की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से संचालित हो रही हैं। उनका सवाल है कि जब भवन की समस्या समाप्त हो चुकी है, तो फिर विद्यालय को सामान्य समय पर संचालित क्यों नहीं किया जा रहा है? इस व्यवस्था से विद्यार्थियों की पढ़ाई, खेलकूद, अतिरिक्त गतिविधियों और घर लौटने के समय पर भी असर पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यालय को अब भी दूसरी पाली में संचालित किया जा रहा है, तो इसके लिए सक्षम अधिकारी का आदेश सार्वजनिक किया जाना चाहिए। यदि ऐसा कोई आदेश नहीं है, तो स्कूल का संचालन सामान्य समय के अनुसार किया जाना चाहिए।
अब क्षेत्र के अभिभावक और जनप्रतिनिधि शिक्षा विभाग से स्पष्ट जवाब चाहते हैं कि आखिर नंदकट्ठी विद्यालय में दोपहर 12 बजे से कक्षाएं लगाने की मजबूरी क्या है, जबकि भवन की कमी अब नहीं रही।
उठ रहे हैं ये सवाल:
जब पर्याप्त भवन उपलब्ध हैं, तो विद्यालय अभी भी दोपहर 12 बजे से क्यों संचालित हो रहा है?
क्या विद्यालय के लिए दूसरी पाली का कोई वर्तमान शासकीय आदेश मौजूद है?
यदि आदेश नहीं है, तो सामान्य समय पर कक्षाएं कब से शुरू होंगी?
क्या शिक्षा विभाग इस व्यवस्था की समीक्षा करेगा?

