आहिवारा। भारतीय जनता पार्टी के मंडल कार्यालय निर्माण के लिए आहिवारा के वार्ड क्रमांक 4 में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। सेवा सहकारी समिति के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद Vijay Baghel रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक Doman Lal Korsewada ने की।
भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया। अनुष्ठान सिद्धार्थ गौरस्वामी महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में यह पहला अवसर है जब वे किसी भाजपा मंडल कार्यालय के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि असम प्रवास के दौरान वहां के मंडल कार्यालयों को देखकर उनके मन में ऐसी परिकल्पना बनी थी, जो अब आहिवारा में साकार हो रही है।
उन्होंने कहा कि मंडल कार्यालय भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यालय निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, पूर्व विधायक सांवला राम डाहरे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, जिला उपाध्यक्ष नटवर लाल ताम्रकार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल का भाजपा गमछा, पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही भाजपा नेता रामजी निर्मलकर का जन्मदिन भी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक मनाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मंडल कार्यालय का निर्माण संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण संगठनात्मक ऊर्जा एवं राष्ट्रवादी विचारों से सराबोर रहा।

