दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम गनियारी/पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने गए दोस्तों का कार्यक्रम दर्दनाक हादसे में बदल गया। नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दो बालक बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम ने गहरे पानी में डीप डाइविंग कर तलाश अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान 14 वर्षीय रेहान खान (पिता– नदीम खान), निवासी बॉम्बे आवास, उरला का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया।
वहीं दूसरे लापता बालक की तलाश देर शाम तक जारी रही। एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा एवं भानुप्रताप सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

