नंदकट्ठी (दुर्ग)। ग्राम पंचायत नंदकट्ठी के बाजार चौक एवं आसपास लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कराए गए आरसीसी सड़क और सीमेंटीकरण कार्य पर पहली ही बरसात में सवाल उठने लगे हैं। बाजार चौक, कृष्ण मंदिर के आसपास तथा गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा के सामने पानी जमा होने से स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बाजार चौक और आसपास की खराब सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शासन द्वारा लगभग 40 लाख रुपये की लागत से आरसीसी सड़क एवं सीमेंटीकरण कार्य की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद संबंधित विभाग की स्वीकृति और स्थल निरीक्षण के आधार पर निर्माण कार्य कराया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क और चौक का निर्माण लोगों को जलभराव और कीचड़ से राहत देने के उद्देश्य से कराया गया था, वहीं अब बरसात के दौरान कई स्थानों पर पानी ठहरता दिखाई दे रहा है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इस निर्माण कार्य के लिए शासन ने लगभग 40 लाख रुपये की स्वीकृति दी थी। निर्माण पूरा हुए अभी एक वर्ष भी नहीं हुआ है, लेकिन बरसात के दौरान सामने आई स्थिति ने कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशेष चिंता की बात यह भी है कि अगले महीने गोस्वामी तुलसीदास जयंती का आयोजन होना है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। यदि जलभराव की समस्या समय रहते दूर नहीं की गई, तो आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
अब स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर यह जांच करे कि कहीं सड़क निर्माण या जल निकासी व्यवस्था में कोई तकनीकी कमी तो नहीं रह गई। यदि जांच में कोई त्रुटि सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

