अहिवारा ! अहिवारा नगर पालिका परिषद के कबीर आश्रम के पास स्थित स्थायी कचरा डंप इन दिनों मवेशियों का चारागाह बन गया है। डंपिंग स्थल पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में गाय, बैल और अन्य मवेशी खुले में फेंके गए कचरे के बीच भोजन की तलाश में भटकते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मवेशी भोजन के साथ झिल्ली, प्लास्टिक और अन्य हानिकारक कचरा भी खा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपिंग स्थल पर कचरे के उचित प्रबंधन की व्यवस्था नहीं है। कचरे को खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे मवेशी आसानी से वहां पहुंच जाते हैं। प्लास्टिक खाने से कई मवेशी गंभीर रूप से बीमार हो जाते हैं और कई मामलों में उनकी मौत तक हो जाती है।
लोगों ने नगर पालिका परिषद से मांग की है कि डंपिंग स्थल को सुरक्षित किया जाए, चारों ओर मजबूत घेराबंदी कराई जाए और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवारा मवेशियों के संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सके।
अब देखना होगा कि नगर पालिका परिषद इस गंभीर समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाती है या फिर मवेशी इसी तरह प्लास्टिक और कचरा खाने को मजबूर रहेंगे।

