पत्रकार का काम किसी व्यक्ति, पंचायत या जनप्रतिनिधि की छवि खराब करना नहीं, बल्कि समाज की सच्चाई को सामने लाना होता है। जब गाँव में कोई समस्या होती है—जैसे टूटी सड़क, बंद स्ट्रीट लाइट, गंदगी, पेयजल संकट, भ्रष्टाचार या किसी योजना में लापरवाही—तो पत्रकार उसका सच जनता और प्रशासन तक पहुँचाता है, ताकि उसका समाधान हो सके।
अक्सर देखा जाता है कि जब कोई पत्रकार जनहित की खबर प्रकाशित करता है, तो कुछ लोग उसे व्यक्तिगत विरोध समझ लेते हैं या उससे जलन रखने लगते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि पत्रकार किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनता के हित का पक्षधर होता है। उसका उद्देश्य केवल यह बताना होता है कि गाँव में कहाँ कमी है और उस पर संबंधित जिम्मेदार लोगों का ध्यान जाए।
एक निष्पक्ष पत्रकार की कलम किसी के खिलाफ नहीं होती, बल्कि सच और जनहित के पक्ष में होती है। अगर खबर तथ्य और प्रमाण के आधार पर लिखी गई है, तो उसे आलोचना नहीं, बल्कि सुधार का अवसर समझना चाहिए। क्योंकि जो समाज अपनी कमियों को स्वीकार करता है, वही आगे बढ़ता है।
"आईना कभी चेहरा खराब नहीं करता, वह सिर्फ सच दिखाता है। उसी तरह पत्रकार भी समाज का आईना है—जो सच दिखाता है ताकि व्यवस्था सुधरे और जनता को उसका अधिकार मिल सके। "

