दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम कचान्दुर स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को वहां तांत्रिक क्रिया से जुड़ी प्रतीत होने वाली संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। सुबह-सुबह जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, मुक्तिधाम में एक मटकी के अंदर सूअर के बच्चे के कटे हुए अवशेष रखे मिले। इसके अलावा मौके से नींबू, शराब की बोतल, मिठाई, अंडा, मछली, सरसों तेल की बोतल, कपूर, सिगरेट का पैकेट, मोमबत्ती सहित अन्य सामग्री भी बरामद हुई। इन वस्तुओं को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रात के समय तांत्रिक क्रिया जैसी गतिविधि की गई हो सकती है।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मुक्तिधाम पहुंचने लगे। कई ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर भय और चिंता व्यक्त की तथा प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त सामग्री वहां किसने और किस उद्देश्य से रखी। इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
HM News की अपील: इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास फैलाने से बचें। प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।

