बोडेगांव ! (दुर्ग) - आदर्श ग्राम पंचायत बोडेगांव के पंचायत भवन से लगभग 100 मीटर दूर पीपल वृक्ष के पहले स्थित मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बनी अंधेरे की समस्या आखिरकार दूर हो गई। HM News द्वारा इस गंभीर जनसमस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आज संबंधित स्थान पर स्ट्रीट लाइट लगा दी गई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि इस मार्ग से वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 6 एवं 14 सहित पुरानी बस्ती के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके बावजूद यह लगभग 100 मीटर का हिस्सा रात होते ही अंधेरे में डूब जाता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी।
कुछ दिन पहले बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने से अंधेरे में कई राहगीर गिरकर चोटिल भी हुए थे। बाद में पानी निकासी के लिए पाइप डालकर सड़क को सुरक्षित किया गया, लेकिन रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से खतरा बना हुआ था।
HM News ने इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए सवाल उठाया था कि जब इसी मार्ग से पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों का भी आवागमन होता है, तब भी इस महत्वपूर्ण रास्ते पर स्ट्रीट लाइट क्यों नहीं लगाई जा रही है।
खबर प्रकाशित होने के बाद आज संबंधित स्थान पर स्ट्रीट लाइट स्थापित कर दी गई, जिससे वर्षों से अंधेरे में डूबा यह मार्ग अब रोशन हो गया है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी गांव की जनसमस्याओं का इसी तरह शीघ्र समाधान किया जाएगा।
HM News हमेशा जनता की आवाज़ को जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रयास करता रहेगा। जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना ही हमारी प्राथमिकता है।

