बोड़ेगांव (दुर्ग)। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला बोड़ेगांव में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
विद्यालय में विद्यार्थियों को कारगिल युद्ध के इतिहास, भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान से अवगत कराया गया। बताया गया कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम एवं विषम परिस्थितियों में भारतीय सेना ने अद्भुत पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर तिरंगा शान से फहराया था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए 500 से अधिक वीर सैनिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। साथ ही ऑपरेशन विजय की सफलता और वीर सैनिकों के त्याग एवं समर्पण पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर विद्यालय में रैली, भाषण, वाद-विवाद, निबंध एवं चित्रकला जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

