दुर्ग। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक पर धारदार बटनदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:10 बजे ग्राम जेवरा निवासी परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ तालाब किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव का ही दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा (23 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और फिर हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे परमेश्वर के बाएं जांघ के पीछे, सीने और बाएं हाथ की उंगली में चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 666/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार बटनदार हथियार जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में चौकी प्रभारी शमित मिश्रा, प्रधान आरक्षक पुनेश साहू, आरक्षक मोहम्मद हाफिज साबरी, वीरेन्द्र यादव एवं बंटी सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल 112 पर दें।

