दुर्ग। जिले के धमधा क्षेत्र में रविवार देर रात हुई लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम तुमाकला की सरपंच देहुती बाई कश्यप के पति एवं पूर्व उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर चार अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह घटना करहीडीह से चिकली चौक के बीच धमधा रोड पर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात भिलाई से अपने गांव तुमाकला लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर लूटपाट की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन तथा उनके साथ मौजूद व्यक्ति से करीब ₹4,000 नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे धमधा क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पूर्व उपसरपंच रह चुके थे, जबकि उनकी पत्नी देहुती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम पंचायत तुमाकला की सरपंच हैं। घटना की सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
इस जघन्य हत्या और लूट की घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस वारदात के आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।

